- ट्रक का गाजियाबाद से ही पीछा करते आ रहे थे हिंदू संगठन के कार्यकर्ता
- पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ के बाद हडि्डयों के नमूने जांच के लिए भेजे
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। मेरठ की ओर से पशुओं की हड्डियों से लदे ट्रक का पीछा करते आ रहे हिंदू संगठन से जुडे कार्यकर्ताओं ने ट्रक को भंगेला पुलिस चेकपोस्ट पर रुकवा लिया। कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने ट्रक चालक से तमाम कागजात लेकर अपने कब्जे में कर लिए। पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलवा कर हड्डियों का नमूना कराया। जिसे जांच के लिए भेजा गया है।
हिंदू संगठन से जुडे कार्यकर्ता विजय नगर गाजियाबाद से पशुओं की हड्डियों से लदे ट्रक का पीछा करते हुए आ रहे थे। ट्रक को कार्यकर्ताओं ने मध्य रात्रि के बाद भंगेला चेकपोस्ट पर रोक लिया। कार्यकर्ताओं ने हड्डियों के अवशेष गोवंश के बता कर हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की। उधर, ट्रक चालक का कहना है कि वह मृत पशुओं के अवशेष सोनीपत से लेकर आ रहा हैं। जिसके सरकारी कागजात उनके पास हैं। उधर, रात से ही कार्यकर्ता चेकपोस्ट पर डेरा डाले हुए हैं। इस दौरान गौरक्षक, विहिप, बजरंग दल एवं एलआईसी एनिमल संस्था के कार्यकर्ता संजय ठाकुर, रोहित, आकाश, राजू ढाका आदि मौजूद थे।
प्रभारी निरीक्षक उमेश रोरिया ने बताया कि वाहन चालक से मिले कागजात से जानकारी हुई है कि वह सोनीपत से ही मृत पशुओं के अवशेष लेकर बेगराजपुर स्थित एक हड्डी फैक्टरी में जा रहा था। इस संबंध में उन्होंने पशु चिकित्सक को बुलवा कर नमूना सील करा कर जांच के लिए भिजवाया है। हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि इस मामले को लेकर वह गाजियाबाद में ही कार्रवाई कराएं। क्योंकि उनका कहना है कि ट्रक गाजियाबाद से आया है।
मेनका गांधी से कराई फोन पर बात
कार्यकर्ताओं ने ट्रक में गोवंश के अवशेष बताते हुए पुलिस की पीपल फ़ॉर एनिमल्स संगठन की संचालक पूर्व मंत्री मेनका गांधी से फोन पर बात कराई। जिस पर पुलिस ने उनको तमाम जानकारी दी तथा कहा कि यह मामला गाजियाबाद का है, कार्रवाई भी गाजियाबाद से ही होगी।