कीमती सामानों से लदा ट्रक लूटा
तितावी (मुजफ्फरनगर)। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर लालूखेड़ी में स्कार्पियो सवार बदमाशों ने किराना के सामान से भरा ट्रक लूट लिया। ट्रक में करीब दस लाख रुपये का सामान भरा था। बदमाश ट्रक चालक को कार में डालकर ले गए तथा उसका मोबाइल भी लूट लिया। बाद में उसे रास्ते में धक्का देकर फरार हो गए। पीड़ित ने तितावी थाने में तहरीर दी है।
पंजाब के खानपुर खुर्द थाना गंडियाखेड़ी जिला पटियाला निवासी मीहा सिंह पुत्र सरवन सिंह मंगलवार रात अपने ट्रक में टेपला पंजाब से लगभग 10 लाख रुपये कीमत का परचून का सामान भरकर बरेली के लिए चला था। मीहा सिंह तितावी थाना क्षेत्र के गांव लालूखेड़ी के पास शामली मार्ग पर स्थित फौजी ढाबे के पास बुधवार सुबह बजे पहुंचा। ट्रक को सड़क खड़ा करते हुए एक सफेद रंग की स्कार्पियो आकर रुकी। स्कार्पियो सवार चार बदमाशों ने चालक को जबरन ट्रक से नीचे उतार लिया तथा कार में डालकर ले गए। उनमें से कुछ लोग ट्रक को लेकर फरार हो गए। उक्त लोगों ने ट्रक चालक से उसका मोबाइल भी लूट लिया तथा पीनना के पास स्थित रजबहे के पास कार से धक्का देकर फरार हो गए। किसी तरह से चालक तितावी थाने पहुंचा और मामले की जानकारी पुलिस को दी। ट्रक की लूट की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। ट्रक चालक की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।