ट्रक ने कार में टक्कर मारी, तीन लोग घायल
खतौली। नेशनल हाईवे पर ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया है।
लक्सर निवासी राहुल अपनी पत्नी सीमा व अपने बहनोई दिल्ली निवासी सतीश को अपनी कार से लेकर शनिवार की सुबह करीब 7 बजे दिल्ली जा रहा था। हाईवे पर नावला कट के पास पीछे से तेजी से आ रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार महिला सहित तीनों लोग घायल हो गए। गनीमत यह रही कि कार अनियंत्रित होकर खाई में नहीं पलटी। अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था। राहगीरों ने घायलों को अपने वाहनों से नर्सिंगहोम में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। इस हादसे की पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।