छपार। शाहपुर क्षेत्र में गांव काकड़ा के पास ट्रक ने बाइक में साइड मार दी। ट्रक की चपेट में आकर वीरमती (60) और उसके दामाद धर्मेंद्र (35) की मौत हो गई जबकि वीरमती का बेटा मोनू घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक पकड़ लिया हैं जबकि चालक फरार हो गया। महिला बीमार दामाद को बेटे के साथ बुढ़ाना में डाक्टर के यहां दिखाने जा रही थी।
जनपद मेरठ के मवाना क्षेत्र के गांव तिगरी निवासी धर्मेंद्र पिछले कई साल से थाना सिविल लाइन की कच्ची सड़क पर परिवार के साथ रह रहा था। फिलहाल वह बीमार चल रहा था। पास में ही उसकी ससुराल भी है। बुधवार दोपहर बाद धर्मेंद्र को उसकी सास वीरमती अपने बेटे मोनू के साथ बाइक पर बुढ़ाना में डाॅक्टर को दिखाने जा रही थी। मोनू बाइक चला रहा था। गांव काकड़ा के पास पीछे से ट्रक ने बाइक में साइड मार दी। इस दौरान सास व दामाद ट्रक की तरफर सड़क पर गिर गए व मोनू दूसरी तरफ गिर गया।
हादसे में सास व दामाद ट्रक की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। बाइक चालक को मामूली चोट आई है। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया है। पुलिस ने दोनों शव मोर्चरी भिजवा दिए। सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।