रतनपुरी। प्लास्टिक दाने से लदा ट्रक कोहरे और किसी वाहन से टकराकर अनियंत्रित हो जाने के कारण काली नदी में गिर गया। काली नदी में खतौली खलासी डिस्चार्ज से पानी बंद कराकर ट्रक बाहर निकलवाया गया। हादसे में ट्रक चालक शामली के खेड़ी खुशनाम गांव निवासी सोनू (30) की मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई अर्जुन ने थाने में तहरीर दी है।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि प्लास्टिक दाने से लदा ट्रक काली नदी पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गया है। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के पास पुल पर पराली पड़ी मिली, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि पराली के ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर ट्रक नदी में गिरा है। कोहरे के कारण दोनों वाहनों को आपस में टकराने का अंदेशा है। हादसा बुधवार रात करीब तीन बजे के आसपास हुआ। पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से नदी में गिरे ट्रक के चालक को मृत अवस्था में बाहर निकाला। ट्रक नदी में पूरी तरह डूबा होने के कारण रजिस्ट्रेशन नंबर की कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस ने चालक के शव को बाहर निकालकर चेक किया, लेकिन मृतक की जेब से कोई पहचान चिन्ह नहीं मिल सका।