हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
पानीपत-खटीरा राजमार्ग पर जागाहेड़ी-काजीखेड़ा बस स्टैंड पर दो ट्रकों के बीच आमने सामने की हुई भिड़ंत में एक चालक की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद राजमार्ग का यातायात बाधित रहा। पुलिस ने दोनों वाहनों का हटवा कर यातायात सुचारु कराया।
हादसा शुक्रवार रात्रि करीब दस बजे हुआ। श्रीनगर से ट्रक में सेव भरकर चालक बिट्टू निवासी माछीगढ़ जिला लुधियाना पंजाब, मुजफ्फरनगर जा रहा था। दूसरे ट्रक में बंगाल से ट्रक में प्लास्टिक दाना भर कर सतवंत सिंह निवासी गांव कलाड थाना मलोद जिला लुधियाना व हेल्पर रणजीत निवासी मानुपुर फतेगढ़, पंजाब शामली की ओर जा रहे थे। रात में जब ट्रक तितावी क्षेत्र में जागाहेड़ी काजीखेेड़ा बस अड्डे के पास पहुंचे तो तभी दोनों में ब्रेकर को बचाने की चक्कर भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक एक दूसरे में घुस गए। दुर्घटना में बघरा से लेकर पिन्ना तक जाम लग गया। पुलिस ने दोनों ड्राइवर व दोनों हेल्परों को मुश्किल से ग्रामीणों की सहायता से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। चालक बिट्टू को मृत घोषित कर दिया। हेल्पर रणजीत सिंह के दोनों पैर कट गए। दूसरा हेल्पर अममीक सिंह व चालक सतवंत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जाम लगने पर पुलिस ने दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से एक साइड में कराकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना की ओर से हादसे की सूचना मिलने पर सभी के परिजन भी आ गए थे।