रोहाना में जिला पंचायत के टोल पर टैक्स की पर्ची काटने वाले टोल कर्मी को ट्रक चालक ने कुचल दिया, जबकि उसका साथी गंभीर घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़ कर भाग गया। क्लीनर को पुलिस ने हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। शहर कोतवाली पुलिस ने मामले को हादसे में दर्ज किया है।
जिला पंचायत की ओर से लकड़ी के वाहनों से टैक्स वसूलने के लिए रोहना में ठेका छोड़ा गया है। ठेकेदार संदीप ने रोहाना मिल के पास जिला पंचायत प्रकोष्ठ (लकड़ी) का टोल बना रखा है। इस पर सहारनपुर के थाना देवबंद के गांव मायापुर निवासी रविंद्र (35) पुत्र लाखन टैक्स की पर्ची काटने का काम करता था।
बुधवार दोपहर रविंद्र साथी रोहाना खुर्द निवासी जनेश्वर पुत्र रामेश्वर के साथ बैरियर पर था। तभी मुजफ्फरनगर की ओर से लकड़ी का भरा एक ट्रक आता दिखाई दिया, जिसकी पर्ची काटने के लिए उसे रोकने की कोशिश की गई। मगर चालक नहीं रुका और ट्रक को लेकर भाग खड़ा हुआ।
जिस पर रविंद्र और जनेश्वर ने बाइक से ट्रक का पीछा किया। करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने पर निर्माणाधीन टॉल प्लाजा के पास दोनों ने ट्रक को ओवरटेक किया। इसके बाद दोनों ने बाइक को सड़क पर खड़ा करते ट्रक को रुकने का संकेत दिया, मगर चालक ने ट्रक नहीं रोका और दोनों को कुचल दिया। चालक यहां से भी ट्रक लेकर भाग खड़ा हुआ।
ट्रक से कुचलने पर रविंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर घायल हो गया। राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। रोहाना चौकी प्रभारी विजय त्यागी ने वायरलेस से मैसेज कराया और मौके पर पहुंच कर घायल जनेश्वर को को अस्पताल पहुंचाया।
उधर, देवबंद पुलिस प्रदेश के परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह को मुजफ्फरनगर जिले की सीमा पर छोड़ कर लौट रही थी। सूचना पर देवबंद पुलिस ने नाकेबंदी की, तो जड़ौदा जट के पास चालक ट्रक छोड़ कर जंगल में फरार हो गया। देवबंद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसमें मौजूद क्लीनर देवबंद निवासी पप्पू को हिरासत में ले लिया।
रविंद्र की मौत की जानकारी पाकर परिजन भी मौके पर आए थे। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई संदीप की ओर से ट्रक चालक के खिलाफ हादसे का मुकदमा दर्ज किया है। उधर, प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली अनिल कपरवाल ने बताया कि परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर ही मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। चालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।