मुजफ्फरनगर। बागड़ में जहारवीर म्हाड़ी पर मुंडन संस्कार से लौटते समय महिंद्रा पिकअप गाड़ी रोहतक में हादसे का शिकार हो गई।
तीन महिलाओं की मौत की खबर जैसे ही मुजफ्फरनगर पहुंची, तो घरों में कोहराम मच गया। संस्कार पूर्ण कर सभी हंसी-खुशी से लौट रहे, उन्हें क्या मालूम था कि वह घर तक नहीं पहुंच पाएंगी। हादसे की सूचना के बाद मृतक महिलाओं के परिवार के लोग हरियाणा के लिए रवाना हो गए।
मूल रूप से रामराज खादर क्षेत्र के गांव रहेड़वा निवासी महकार सिंह चौहान रामराज में रहते हैं। किराए पर महिंद्रा पिकअप चलाते हैं। सोमवार को गांव महमूदपुर निवासी रिश्तेदारों ने राजस्थान के बागड़ में गाड़ी लेकर चलने के लिए कहा था।
रिश्तेदारों ने बागड़ में जहारवीर की म्हाड़ी पर पर बच्चे का मुंडन कराने की इच्छा जाहिर की थी। रिश्तेदारों के साथ ही महकार ने पत्नी मुकेश देवी, बेटा लक्ष्मण, बेटी रजनी, साली प्रवेश, पूजा को साथ ले गया। कुल 22 लोग गाड़ी में सवार हो लिए।
मंगलवार देर रात रोहतक क्षेत्र के सफेदा गांव के पास ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें महकार की पत्नी मुकेश (40) की मौके पर ही मौत हो गई। सैदनंगला निवासी ओमी की पत्नी कश्मीरी ने भी दम तोड़ दिया। मुजफ्फरनगर के रामलीला टिल्ला निवासी नेकराम की पत्नी शकुंतला (55) की भी घटनास्थल पर मौत हो गई।
हादसे की खबर जैसे ही मुजफ्फरनगर पहुंची, मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। मृतका शकुंतला के पांच बच्चों में तीन लड़के और दो लड़की हैं। दो लड़कों की शादी हो चुकी है।
बड़े बेटे विशाल ने बताया कि रिश्तेदारों की तरफ से बागड़ का बुलावा आने के बाद एक बारगी मां ने इंकार कर दिया था, लेकिन म्हाड़ी पर दर्शन की लालसा के कारण चलने के लिए तैयार हो गई थी। रामराज में मुकेश की मौत से शोक छा गया। जिला पंचायत सदस्य विपेंद्र सुधा वाल्मीकि समेत तमाम लोगों ने मृतक के घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।