रतनपुरी। तेज हवा के कारण गन्ना तौल केंद्र के पास यूकेलिप्टिस का पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया, जिस कारण खतौली व बुढ़ाना मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। पेड़ की चपेट में हाईटेंशन विद्युत लाइन भी आ गई, जिससे रतनपुरी बिजलीघर से जुड़े कई गांवों की विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई।
रतनपुरी क्षेत्र में सोमवर की सुबह चली तेज हवाओं से गन्ना तौल केंद्र के पास यूकेलिप्टिस का एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे खतौली व बुढ़ाना मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई। सुबह के समय छात्रों को स्कूल ले जाने वाली स्कूल बसें भी जाम में फंस गई। सूचना पर पहुंची रतनपुरी पुलिस ने पेड़ हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
यूकेलिप्टिस पेड़ की चपेट में आकर रतनपुरी बिजलीघर को जोड़ने वाली 33 केवीए की हाईटेंशन लाइन तथा दो खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए। इससे रतनपुरी, समौली, कैलाशनगर, मंडावली खादर, मंडावली बांगर आदि गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बाद में विद्युतकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर नए खंभे खड़े किए तथा लाइन को ठीक करने में जुटे। रतनपुरी बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता प्रमोद कुमार ने बताया कि पेड़ गिरने से रतनपुरी बिजलीघर को जोड़ने वाली 33 केवीए लाइन के दो पोल और लाइन क्षतिग्रस्त हुई है, जिसे ठीक कराया जा रहा है।