संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के पदाधिकारियों ने ट्रैफिक इंचार्ज का घेराव करते हुए शिव चौक पर बनाए गए स्थाई डिवाइडर का विरोध किया। उन्होंने कहा कि डिवाइडर बनने से जाम की स्थिति पैदा हो गई। ऐसे में उनका व्यापार पूरी तरह ठप हो गया।
संगठन के नगराध्यक्ष राकेश त्यागी के नेतृत्व में व्यापारियों ने इकट्ठा होकर टीआई रूप किशोर शर्मा का घेराव किया। कहा कि पहले व्यापारियों से वार्ता में चौड़ी सड़क पर ही डिवाइडर बनाया जाना तय हुआ था। मगर, रातों-रात शिव चौक के पास आठ फीट की सड़क पर ही स्थाई डिवाइडर बना दिया गया। ऐसे में जाम की स्थिति पैदा होने लगी है। उनका व्यापार पूरी तरह से प्रभावित हो गया। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कल तक अगर डिवाइडर नहीं हटाया गया तो वह एसपी ट्रैफिक कुलदीप सिंह को अपनी दुकानों की चाबियां थमा देंगे। इस दौरान जयइंद्र प्रकाश, भानू प्रताप, विजय तनेजा, दीप चंद, सोमनाथ, अजय तनेजा, पीयूष तनेजा आदि मौजूद रहे।