व्यापारियों ने मंडी शुल्क समाप्त करने की मांग की
मुजफ्फरनगर। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में मंडियों से मंडी शुल्क खत्म करने की मांग की गई।
दक्षिणी सिविल लाइन में हुई बैठक में व्यापारी नेता रेवती नंदन सिंघल ने कहा कि सरकार की गलत कार्यप्रणाली के कारण मंडियों के व्यापारी मंडी से बाहर जाकर कार्य कर रहे हैं। मंडियां शुरू होने के बाद भी मंडी में गुड़ की पूरी आवक नहीं हो पाती, वह दिन दूर नहीं जब मंडी कंक्रीट का जंगल बन करके रह जाएंगी। संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष व महामंत्री ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि अविलंब मंडियों के अंदर से भी मंडी शुल्क समाप्त किया जाए, जिससे मंडियों का अस्तित्व बचाया जा सके। अध्यक्षता रेवतीनंदन एवं संचालन महामंत्री राजेंद्र काठी ने किया। बैठक में अशोक कंसल, संजय मित्तल, प्रमोद मित्तल, राहुल वर्मा, सुनील तायल, श्याम सिंह सैनी आदि मौजूद रहे।