शाहपुर। गांव धनायन के शाहपुर मार्ग पर एक्सल टूटने से अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर सड़क किनारे तालाब में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा व पौत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को तालाब से निकालकर घायलों को अस्पताल भेजा।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव गोयला निवासी तेजवीर उर्फ भूरा अपने पिता प्रकाश (70) और भतीजे वंश के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर शाहपुर आया था। रास्ते में तीनों ने ट्रॉली गांव धनायन स्थित एक कोल्हू पर छोड़ दी और ट्रैक्टर लेकर शाहपुर की ओर चल दिए। गांव धनायन से कुछ ही दूरी पर अचानक तेज रफ्तार ट्रैक्टर का एक्सल टूट गया और ट्रैक्टर बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरे तालाब में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार तीनों लोग ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तालाब से तीनों घायलों को बाहर निकालकर पीएचसी भेजा, जहां वृद्ध प्रकाश को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, घायल तेजवीर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने वृद्ध के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया।