मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर में मंगलवार देर रात शाहपुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरसोली पुलिस चौकी के पास एक ट्रक ने आगे चल रहे ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
फुगाना थाना क्षेत्र के गांव खरड़ निवासी 30 वर्षीय भानी ट्रैक्टर में सरिया लादकर मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा था। जब वह हरसोली पुलिस चौकी के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर पलट गया और चालक नीचे गिरकर उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना पुलिस का कहना है कि हादसे की तहरीर अभी प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है।