बावनदरा पुल के पास पलटी टूरिस्ट मिनी बस।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
गाय से टकराकर टूरिस्ट बस पलटी
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर बावनदर्रा पुल के पास गाय के सामने आने पर टूरिस्ट बस पलट गई। बस में सवार दो महिलाओं को चोट लगी। हादसे में गाय की मौत हो गई। काफी समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने परिजनों को अन्य बस में सवार कर देहरादून रवाना किया।
देहरादून निवासी प्रमोद डोबाल के परिवार के साथ यह हादसा हुआ। प्रमोद अपने परिजनों के साथ बृहस्पतिवार को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली गए थे। परिवार में करीब पंद्रह लोग शामिल थे। सभी शुक्रवार देर रात को एक टूरिस्ट मिनी बस में सवार होकर दिल्ली से देहरादून जा रहे थे। यहां छपार थाना क्षेत्र में मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे के बावनदरा पुल के पास पहुंचने पर अचानक सामने एक गाय आ गई। बस उससे टकरा कर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में गाय की मौत हो गई, जबकि बस में सवार दो महिलाएं घायल हो गई। परिजनों में चीख पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर छपार और रोहाना पुलिस ने मौके पर जाकर सभी को बाहर निकाला। दोनों महिलाओं को उपचार दिलवाया। बाद में सभी परिजनों को अन्य बस में सवार करा कर देहरादून के लिए रवाना किया। बस के पलटने पर हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन से बस को हटवा कर यातायात सुचारु कराया।