देवबंद। अवैध टोल वसूली कर जनता का उत्पीड़न करने में लगी हाईवे निर्माण कंपनी एपको के अधिकारियों को उस समय क्षेत्रीय विधायक कुंवर ब्रिजेश सिंह ने जमकर खरी खोटी सुनाई जब ग्रामीणों के विरोध के बावजूद शनिवार को देवबंद बरला मार्ग पर कंपनी अधिकारियों ने टोल बैरियर बनाने का सामान भिजवा दिया। जानकारी पर वहां पहुंचे विधायक ने उन्हें हड़काते हुए दो टूक कहा कि जब तक मैं विधायक हूं यहां अवैध टोल बैरियर नहीं लगने दूंगा।
मनमाने तरीके से क्षेत्र की जनता से टोल वसूली करने में लगे एपको कंपनी के अधिकारी बृहस्पतिवार को देवबंद-बरला मार्ग पर भी अवैध टोल बैरियर लगाने लगे। जानकारी होने पर भारी संख्या में लोग वहां पहुंचे और विरोध करते हुए खोदाई के कार्य में लगे मजदूरों को वहां से दौड़ा दिया था, लेकिन शनिवार को कंपनी के अधिकारियों ने वहां टोल बैरियर का सामान पहुंचवाया तो लोगों में गुस्सा पनप गया। इस बीच जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक कुंवर ब्रिजेश सिंह समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। बुलावे पर एसडीएम राकेश कुमार भी वहां पहुंच गए। विधायक ने एपको कंपनी के अधिकारी को फोन कर जमकर खरी खोटी सुनाते हुए दो टूक कहा कि जब तक मैं विधायक हूं इस मार्ग पर अवैध टोल बैरियर नहीं लगने दूंगा। इतना ही नहीं विधायक ने मौके पर मौजूद एसडीएम को बैरियर का सभी सामान जब्त करने तक को कह दिया। कुंवर ब्रिजेश सिंह ने कहा कि देवबंद बरला मार्ग पर टोल वसूली करना पूरी तरह अवैध है। जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर कुलदीप सैनी, पंकज त्यागी, अनिल कुमार त्यागी, चौधरी परविंद्र सिंह, विपिन गर्ग, मनोज त्यागी और कुलदीप सैनी आदि मौजूद रहे।
मनमानी से बाज न आने पर 1 नवंबर से शुरू होगा आंदोलन : सुरेंद्र
देवबंद। सुदर्शन राष्ट्र निर्माण की बैठक में प्रदेश प्रभारी ठा. सुरेंद्रपाल सिंह एडवोकेट ने कहा कि हाईवे निर्माण कंपनी के अधिकारी खुली गुंडागर्दी पर उतारु हैं। पहले रोहाना मार्ग पर टोल वसूली कर जनता का उत्पीड़न किया जा रहा था और अब देवबंद बरला मार्ग पर टोल बैरियर लगाया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कंपनी ने आज तक फ्लाईओवर के नीचे सड़क के अधूरे निर्माण को पूरा नहीं किया, जबकि लूट खसोट का काम बहुत पहले से किया जा रहा है। चेतावनी दी कि यदि रोहाना में लगा टोल नहीं हटाया गया और देवबंद बरला मार्ग पर बैरियर लगाया गया तो एक नवंबर से राज्य परिवहन मंत्री व केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के खिलाफ आंदोलन शुरु किया जाएगा। इस मौके पर विपिन कांत, सुदेश शर्मा, अमर प्रताप, विनय त्यागी, साधूराम, अमित धीमान, आशू शर्मा आदि मौजूद रहे।