अमर उजाला ब्यूरो मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में खास पहचान बनाने वाले पूर्व विधायक और टिकौला चीनी मिल के संस्थापकों में शामिल रहे उद्यमी सोमांश प्रकाश (85) का लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। उपचार के लिए उन्हें नई दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मूलरूप से शामली के बाबरी निवासी सोमांश प्रकाश लंबे समय से शहर के नई मंडी में रह रहे थे। वर्ष 1980 में कांग्रेस इंदिरा के टिकट पर थानाभवन, 1989 में जनता दल से शहर और 1991 में जनता दल के टिकट पर फिर थानाभवन से विधायक चुने गए थे।
कांग्रेस के लगातार 10 साल जिलाध्यक्ष रहे। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह के करीबियों में शामिल रहे। वह शुकतीर्थ आश्रम ट्रस्ट के वह करीब 20 साल अध्यक्ष भी रहे। उनके पास एसडी कॉलेज एसोसिएशन के अध्यक्ष का दायित्व भी रहा। परिवार में उनका बेटा निरंकार स्वरूप है। मंगलवार दोपहर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। शैक्षणिक और सामाजिक संस्थाओं से उनका जुड़ाव रहा। थानाभवन में उन्हीं के प्रयास से 25 बेड का राजकीय चिकित्सालय बना था।
उनके निधन से जिले में शोक की लहर है। पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज, सपा सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने उनके निधन पर दुख प्रकट किया है।