भौराकलां पुलिस सिसौली से आरोपी को गिरफ्तार कर लेकर जाती हुई।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
आम तोड़ने के विवाद में ग्रामीण को बनाया बंधक
भौराकलां (मुजफ्फरनगर)। पेड़ से आम तोड़ने के विवाद में ग्रामीण को घर से बुलाकर मकान में बंधक बना लिया गया। इस मामले में पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता सहित तीन नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी भाजपा कार्यकर्ता को धरनास्थल से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
भौराकलां थाना क्षेत्र के कस्बा सिसौली निवासी शौकीन कश्यप ने रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर बताया कि उसके पिता हरवीर को कस्बा निवासी जगमेहर सिंह, भाजपा कार्यकर्ता नितिन बालियान और उसका भाई सचिन अपने साथियों के साथ घर से जबरन उठाकर ले गए हैं। हरवीर पर जगमेहर के पेड़ से आम तोड़ने का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट की जा रही है। शौकीन ने आरोपियों द्वारा पिता की हत्या करने की भी आशंका जताई। सूचना पर एसओ वीरेंद्र कसाना मौके पर पहुंचे तो नितिन बालियान, जगमेहर सिंह, सचिन समत अन्य आरोपियों ने हरवीर को मकान में बंधक बनाया हुुआ था। एसओ ने हरवीर को छोड़ने के लिए कहा, तो आरोपी पुलिस टीम से ही बदसलूकी करने लगे। आरोपियों ने हरवीर पर पेड़ से आम तोड़ने और पीड़ित द्वारा दस हजार रुपये दिए जाने की बात कही। एसओ का कहना है कि पुलिस टीम ने पीड़ित को आरोपियों के चंगुल से बमुश्किल बचाकर थाने ले आई, लेकिन पीड़ित इतना भयभीत था कि उसने कार्रवाई से इंकार कर दिया। इस पर एसओ ने अपनी तरफ से आरोपी जगमेहर, नितिन बालियान व सचिन को नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट, धमकी देने समेत अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। उधर, सोमवार सुबह रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिलने पर आरोपी नितिन बालियान ग्रामीणों के साथ कस्बे में धरना देकर बैठ गया, जिसकी जानकारी मिलने पर सीओ फुगाना सोमेंद्र सिंह नेगी, भौराकलां व तितावी थाना पुलिस के साथ गांव में पहुंचे और धरनास्थल से आरोपी भाजपा कार्यकर्ता नितिन बालियान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सोमवार दोपहर जेल भेज दिया गया है।