18 फरवरी को शराब के ठेके के कर्मचारियों से की थी लूट
लूट गए 4400 रुपये, दो बाइक, तीन तमंचे और कारतूस बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
छपार (मुजफ्फरनगर)। थाना पुलिस ने शराब के ठेके के कर्मचारियों से लूट के मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट गए 4400 रुपये, दो बाइक, तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए। तीनों उत्तराखंड राज्य के रहने वाले है।
सीओ सदर यतेंद्र नागर ने प्रेसवार्ता में बताया कि शनिवार की रात बाइक सवार कुछ बदमाशों की गांव तेजलहेड़ा के जंगल में छपार थाना प्रभारी मुकेश कुमार और स्वाट टीम से मुठभेड़ हो गई। इसमें मन्नु निवासी गांव भुरना थाना लक्सर, अजय कुमार गांव पूरणपुर, थाना खानपुर, विकास कुमार गांव सिमली थाना लक्सर को गिरफ्तार कर लिया। इनके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले।
सीओ ने बताया कि बरला-बसेड़ा मार्ग पर 18 फरवरी को इन बदमाशों ने तमंचों से फायर कर शराब ठेके के कर्मचारियों 10- 12 हजार रुपए की लूट की थी। एक बदमाश के जूते भी बरामद हुए, जो सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए थे। दोनों फरार बदमाशों को पुलिस तलाश कर रही हैं। आरोपियों से लूट की रकम में से 4400 रूपये, दो बाइक, तीन तमंचे व कारतूस बरामद किए।
पुलिस टीम में रामपुर चौकी प्रभारी विनीत मलिक, नंद किशोर शर्मा, सेन्सर पाल, प्रवेश शर्मा, कर्मवीर, दीपक आदि शामिल रहे।