मंसूरपुर। दिल्ली व देहरादून हाइवे पर सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी घायल हो गया। सभी लोग प्रसव पीड़िता को मुजफ्फरनगर मेडिकल कालेज में लेकर आए थे।
पुरकाजी क्षेत्र निवासी गोपाल पुत्र नकली सिंह की पत्नी भावना गर्भवती थी। जिसे शुक्रवार देर शाम को प्रसव पीड़ा हुई, तो परिजन उसे लेकर बेगराजपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कालेज में पहुंचे और भर्ती कराया था। यहां प्राथमिक उपचार के बाद परिवार के लोग प्रसव पीड़िता को मुजफ्फरनगर शहर में निजी अस्पताल ले जा रहे थे।
शुक्रवार की देर रात कार से भावना और परिवार के कुछ लोग शहर पहुंच गए। जबकि गोपाल, उसके साथी जगरूप पुत्र इलम सिंह और तुषार निवासी गांव बधेव, जनपद शामली हाइवे किनारे बेगराजपुर पुलिस चौकी के पास खड़े होकर वाहन की प्रतीक्षा कर रहे थे। तभी अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया। जिसमें गोपाल और जगरूप की मौत हो गई, जबकि तुषार घायल हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी भिजवा दिया था। थाना पुलिस का कहना है कि अभी हादसे की तहरीर नहीं दी गई है।