ककरौली। दीवार के विवाद में ककरौली में एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में महिला सहित तीन लोग घायल हुए है। दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गांव ककरौली निवासी घायल हरबीर पुत्र रतिराम ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि रविवार को वह अपने मकान के पीछे की दीवार की लिपाई करा रहा था। उसके पड़ोसी समंद पाल उर्फ काला पुत्र सुखबीर कार्य कराने से रोकने लगा। उसने विरोध किया तो आरोपी समंद पाल, गौरव, समुन्दर आदि आधा दर्जन लोगों ने धारदार हथियार व लाठी डंडों से हमला कर उसे, उसके बेटे योगेंद्र व पत्नि मुकेश को घायल कर दिया। शोर मचाने पर लोग उधर दौड़े तो आरोपी फरार हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए भोपा अस्पताल ले जाया गया। योगेंद्र व मुकेश को डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उनकी हालात नाजुक बनी है। पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली। जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।