संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। डेंगू का डंक लोगों को सता रहा है। रविवार को भी तीन मरीज डेंगू पॉजीटिव पाए गए। वहीं, मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में भी इस बार मरीजों की संख्या बढ़कर 1600 के पार रही।
रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगने वाले आरोग्य मेले में 1642 मरीजों ने उपचार लिया। इनमें सबसे अधिक मरीज बुखार के पहुंचे। आरोग्य मेले में 664 पुरुष, 570 महिलाएं और 408 बच्चों ने परामर्श लिया। सबसे अधिक 483 मरीज बुखार व अन्य बीमारी और 329 त्वचा की समस्या लेकर पहुंचे। खांसी, नजला और जुकाम भी लोगों को परेशान कर रहा हैं। इसके अलावा बुखार, सांस, मधुमेह, त्वचा, गैस्ट्रो, पेट दर्द, सिर सर्द, बदन दर्द, चर्म रोग, सर्दी खांसी, ब्लड प्रेशर से ग्रस्त मरीजों ने उपचार लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि जिले की सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले में मरीजों को उपचार दिया गया है। मरीजों को स्वस्थ रहने के टिप्स भी दिए गए।
शेरपुर पीएचसी पर 27 मरीजों की जांच
फोटो समाचार
पुरकाजी। पुरकाजी क्षेत्र की शेरपुर खादर पीएचसी पर रविवार को मुख्यमंत्री अरोग्य मेले में बुखार, ब्लड प्रेशर, शुगर, एलर्जी, श्वांस व गर्भवती महिलाओं सहित कुल 27 मरीजों की जांच कर दवाई दी गई। मेले में मनोज वर्मा, पवन जाटव, नीलम, कमलेश देवी, हाकिम अली मौजूद रहें।
-
इनसेट
दो ग्रामीण और एक शहरी क्षेत्र में डेंगू पॉजीटिव
जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। रविवार को भी तीन मरीज डेंगू पॉजीटिव पाए गए। पचेंडा कलां, शहरी क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले मरीज की जांच रिपोर्ट डेंगू पॉजीटिव मिली। जिसके बाद अब जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 46 हो गई है। लगातार बढ़ रहे मरीजों के कारण जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। डेंगू वार्ड के सभी बेड फुल है।
आरोग्य मेले में भी कराई डेंगू की जांच
रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगाए गए मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में भी बुखार के मरीजों की जांच कराई गई। सभी पीएचसी पर डेंगू का पता लगाए जाने के लिए बुखार के मरीजों की लक्षण देखते हुए जांच कराई गई है। इसी के साथ लोगों को डेंगू से बचाव के लिए भी जागरुक किया गया और उन्हें टिप्स दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची अथाई
भोपा। अथाई गांव में पिछले दो सप्ताह से बुखार का प्रकोप जारी है। अधिकांश परिवार बुखार की चपेट में हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर मरीजों की जांच कराई। चिकित्सा प्रभारी अधिकारी डॉ. अर्जुन सिंह ने बताया कि गांव अथाई में दर्जनों से भी अधिक मरीज बुखार की चपेट में है। टीम ने मरीजों के उपचार के साथ जांच के लिए नमूने भी लिए। फ्रिज, कूलर, गमले और छतो पर रखे टायर, घड़े को खाली किया गया। उन्होंने कहा कि सावधानी ही डेंगू का बचाव है। इस मौके पर डॉ. नवनीत चौधरी, डॉ. प्रणव तेवतिया, अरविंद कुमार, मांगेराम, नरेंद्र कुमार, किशनलाल, राकेश मौजूद रहे। संवाद