अलग-अलग मुठभेड़ में तीन बदमाश दबोचे
मुजफ्फरनगर। थाना भोपा पुलिस ने शुक्रवार दोपहर तिस्सा मार्ग पर हुई मुठभेड़ में अंतर्राज्यीय बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, जिसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ में बदमाश के साथ ही एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ है। उधर, खतौली पुलिस ने भी सफेदा रोड पर हुई मुठभेड़ में दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है।
भोपा थाना पुलिस शुक्रवार दोपहर जौली-बेहड़ा मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव तिस्सा के निकट बेहड़ा सादात की ओर आ रहे संदिग्ध बाइक सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। हाथ में गोली लगने से कांस्टेबल नरेंद्र घायल हो गया। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। एसओ सूबे सिंह ने बताया कि घायल बदमाश ककरौली क्षेत्र के गांव चौरावाला निवासी सुशील है, जिसके पास से संदिग्ध बाइक, तमंचा-कारतूस बरामद किए गए हैं। सुशील के खिलाफ यूपी के साथ ही दिल्ली, गुजरात, उत्तराखंड व हरियाणा में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। सुशील थाना ककरौली का हिस्ट्रीशीटर भी है। घायल बदमाश व कांस्टेबल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
उधर, खतौली पुलिस ने सफेदा रोड पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध हालात में घूम रहे दो युवकों को रोकने का प्रयास किया, जिस पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि दोनों बदमाशों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। इनमें गांव मोहद्दीनपुर निवासी सोनू और चांदपुर मखियाली निवासी अभिषेक शामिल हैं, जिनके पास से लूट के 800 रुपये, तमंचा-कारतूस व मोबाइल बरामद किए गए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि गत सात जनवरी को आरोपियों ने मीरापुर रोड निवासी सचिन के घर में घुसकर महिला से लूटपाट की थी, जिनकी तभी से तलाश की जा रही थी।
भोपा क्षेत्र में घायल बदमाश को उपचार के लिए सीएचसी लाती पुलिस।- फोटो : MUZAFFARNAGAR