जानसठ । पुलिस ने मुठभेड़ में एटीएम कार्ड बदल कर धोखाधड़ी कर रुपये निकालने वाले तीन शातिर अपराधियों को पकड़ लिया। पुलिस की गोली पैर में लगने से दो अपराधी पुरकाजी मोहल्ला नूर नगर निवासी नकुल व मंगलौर के गांव लहबोली निवासी अनुज घायल हो गए। उनके पास से 19800 रुपये, 61 एटीएम कार्ड, दो तमंचे, एक चाकू व बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
कोतवाली प्रभारी आईपीएस विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात पुलिस जानसठ-खतौली मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर तीन व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जिन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन ये लोग पुलिस को देखकर बाइक को वापस मोड़कर भागने लगे।
पीछा करने पर बसायच तिराहे के पास बाइक फिसल कर गिर गई। तब तीनों आरोपी पुलिस टीम पर गोलियां चलाते हुए भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में थाना पुरकाजी के गांव नूरनगर निवासी नकुल , जिला हरिद्वार के थाना मंगलौर के गांव लहबोली निवासी अनुज घायल हो गए। उनके साथी जिला सहारनपुर के थाना देवबंद के गांव महतौली निवासी अंकित को भी पकड़ा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि 23 मई को गांव काटका निवासी शबाना व उसके पति गुलबहार का एचडीएफसी का एटीएम बदल लिया था और उसकी मदद से 53 हजार रुपये निकाल लिए थे। इसके अलावा भी दो अन्य घटनाओं को भी अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपियों ने तीनों घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है। घायलों को उपचार दिलाकर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों का चालान कर दिया गया।