संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस और मिशन शक्ति की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन सवेरा के तहत मंगलवार को कूकड़ी ग्राउंड के पास मुठभेड़ के दौरान स्मैक तस्करी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की गोली पैर में लगने से एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दो अन्य को कांबिंग के दौरान पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से 590 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत पुलिस ने करीब 1.10 करोड़ रुपये बताई है। पुलिस ने एक बाइक, तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है।
एसपी सिटी अमृत जैन ने नई मंडी कोतवाली में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि मिशन शक्ति की टीम क्षेत्र में जागरूकता अभियान चला रही थी। इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने एनएच-58 के आसपास नशीले पदार्थों की तस्करी होने और युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने की शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने गोपनीय जानकारी जुटाई।
मंगलवार को मुखबिर से कूकड़ी ग्राउंड के पास तस्करों के मौजूद होने की सूचना मिली। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उस्मान निवासी मंगलौर, हरिद्वार घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान बाबर और जहीर लंगड़ा निवासी सुजड़ू के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने मंगलौर से स्मैक लाकर एनएच-58 के आसपास और अन्य स्थानों पर ऊंचे दामों पर सप्लाई करने की बात बताई है। पुलिस तस्करी से जुड़े आगे और पीछे के संपर्कों की जांच कर रही है। नई मंडी कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जहीर के खिलाफ गैंगस्टर सहित 15 मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सीओ नई मंडी राजू कुमार साव, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा आदि शामिल रहे।