मुजफ्फरनगर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने डग्गामार वाहनों और अवैध अड्डों के संचालन पर रोक के आदेश जारी किए थे। सोमवार को खतौली में महिला सहित दो लोगों की मौत का हादसा पुलिस की लापरवाही की पोल खोल रहा है। प्रतिबंध के बावजूद डग्गामार वाहन खूब दौड़ रहे हैं। मंगलवार को खतौली में हादसे के बाद भी वाहनों के संचालन पर रोक नहीं लगी।
दो माह पहले मुख्यमंत्री का आदेश जारी होते ही पुलिस व परिवहन अधिकारी अलर्ट हुए थे। कई दिन तक जिले भर में अभियान चलाया गया। नगर में डग्गामार वाहनों के खडे़ होने वाले स्थानों जिला अस्पताल, महावीर चौक, शामली स्टैंड से पहले एक स्थान से जसोई आदि गांव में जाने वाली प्राइवेट बसों को डग्गामार वाहन बताते हुए बंद करा दी गई। मगर, डग्गामार वाहन इसके बाद भी बंद नहीं हुए।
यहां से खूब दौड़ रहे डग्गामार
- पुरकाजी से मुजफ्फरनगर व रुड़की के लिए रोजाना दर्जनों डग्गामार फर्राटा भर रहे है।
- खतौली से बुढ़ाना के लिए डग्गामार टाटा मैजिक आदि वाहन चल रहे है।
- बुढ़ाना से मुजफ्फरनगर के लिए रोजाना डग्गामार वाहन दौड़ रहे है।
- शहर के शामली बस अड्डे व महावीर चौक, रुड़की रोड से डग्गामार चल रहे है।
पुलिस के सामने वाहनों पर लटक कर चलते है लोग
शहर से बुढ़ाना मार्ग या फिर खतौली से बुढ़ाना जाने वाले मार्ग पर चलने वाले डग्गामार वाहन हो, सभी पर लोग पिछली खिड़की खोलकर लटक कर चलते है। यह वाहन इसी हालत में पुलिस चौकियों के सामने से बेखौफ होकर निकलते है। मगर, पुलिसकर्मी इन वाहनों को देख कर चुप्पी साधे हुए है।
हादसों को दे रहे न्योता
खतौली, रतनपुर, शाहपुर, बुढ़ाना, शहर कोतवाली मुजफ्फरनगर, मंसूरपुर, सिविल लाइन पुलिस तो इन वाहनों की जानकारी होने के बावजूद चुप्पी साधे हुए है। साथ ही यातायात पुलिस, परिवहन विभाग के अधिकारी एआरटीओ भी सब कुछ जानते हुए मूकदर्शक बने है। यह वाहन हादसों को न्योता दे रहे है।
यहां हुए बड़े हादसे
- तीन माह पहले एक डग्गामार वाहन की चपेट में आकर जिला अस्पताल के पास दो लोगों की मौत हो गई थी।
- खतौली में मंगलवार की शाम गंगनहर पटरी से पहले टैंकर व डग्गामार मैजिक गाड़ी की टक्कर होने पर महिला सहित दो लोगों की मौत हुई है।
- रतनपुरी क्षेत्र में वर्ष 2019 में डग्गामार वाहन से हुए हादसा में दो महिलाओं सहित सात लोगों की मौत हुई थी।
पहले भी कार्रवाई की गई थी। चुनाव प्रक्रिया के कारण बीच में कार्रवाई धीमी हो गई थी। मगर, त्योहार बाद फिर से अभियान चलाया जाएगा। -कुलदीप कुमार, एसपी यातायात।