काली नदी मैली करने वालों पर कसेगी नकेल
मुजफ्फरनगर। डीएम सेल्वा कुमारी जे शहरी क्षेत्र में चल रहे काली नदी के सफाई अभियान और एसटीपी प्लांट का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने भूमिया के पास खाली पड़ी जमीन पर पेड़ लगाने के निर्देश दिया। चेतावनी दी कि इंडस्ट्रियल एरिया से यदि प्रदूषित पानी नदी में डाला गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम के निर्देश पर काली नदी को साफ स्वच्छ रखने के लिए सफाई अभियान चलाया जा रहा है। एसटीपी प्लांट काली नदी को साफ रखने के लिए चालू कराए जा रहे हैं। चार दिन पहले निकाय प्रभारी एसडीएम अजय अम्बष्ट ने चार निकायों के सफाई कर्मचारियों की टीम लगा कर बरसात के दौरान काली नदी के आसपास जमा कूड़ा उठवा कर सफाई कराई थी। शनिवार सुबह डीएम ने नदी घाट पर बने एसटीपी प्लांट का निरीक्षण किया। साथ ही यहां से लेकर काली नदी पुल के पास भूमिया तक सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
डीएम ने बताया कि जिले से कूड़ा निस्तारण को लेकर प्लांट के लिए एक टेंडर छोड़ा गया है। जल्द ही शहर से कूड़े का निस्तारण शुरू हो जाएगा। लोगों को गंदगी ओर बदबू से निजात मिल जाएगी। कहा कि जनपद में काली नदी में प्रदूषण फैलाने को सबसे ज्यादा जिम्मेदार इंडस्ट्रियल एरिया है और उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि इंडस्ट्रियल एरिया से निकल रहे गंदे नालों को साफ रखें। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। काली नदी को प्रदूषण से मुक्त कराने के लिए एसडीएम को दिशा निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम अजय अम्बष्ट, एसपी क्राइम दुर्गेश सिंह, नगरपालिका सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा के अलावा पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।