जो नियम न माने, जुर्माना लगाओ: मंडलायुक्त
मुजफ्फरनगर। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर जिले के अधिकारियों को सचेत रहने के निर्देश दिए। साथ ही कोविड-19 गाइडलाइन न मामनने वालों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूलने की चेतावनी दी। शुक्रवार को मंडलायुक्त ने कोविड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। होम आईसोलेशन में रहने वाले मरीजों से फोन पर बात कर उनका हाल जाना। उन्होंने निर्देश दिए कि कॉंटेक्ट ट्रेसिंग को पूरी सक्रियता से संचालित किया जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि अस्पतालों में सभी जीवन रक्षक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। कहीं भी ऑक्सीजन की कमी न होने पाए। टेस्टिंग कार्य पूरी तेजी से संचालित किया जाए। कॉंटेक्ट ट्रेसिंग की कार्यवाही पर विशेष ध्यान दिया दिया जाए। आम जनता को नियमित रूप से मास्क, सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेसिंग का उपयोग करने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी कोविड-19 नियमों की अनदेखी करने वालों के विरूद्ध जुर्माना लगाएं। उन्होंने कहा कि इंटीग्रेटिड कोविड कमांड कंट्रोल रूम से होम आईसोलेशन वाले मरीजों से दिन में दो बार फीडबैक अवश्य लिया जाए। डीएम सेल्वा कुमारी जे, एडीएम वित्त आलोक कुमार, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, सीएमओ डॉ. एमएस फौजदार, एसीएमओ शरण सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह, डॉ. अलका, डॉ. शमशेर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कोविड केयर अस्पताल पहुंचे
मंडलायुक्त ने बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में बनाए गए कोविड केयर अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी के माध्यम से मरीजों को दी जा रही सुविधाओ का भी निरीक्षण किया। कांफ्रेस हॉल में कोरोना वार्ड में एडमिट मरीज के साथ संवाद करते हुए अस्पताल प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं, खाना, नाश्ता, डॉक्टर की विजिट आदि के बारे में विस्तार से पूछा।