अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव के समीकरण साफ होने लगे हैं। बसपा ने मेरठ के दारा सिंह प्रजापति को उम्मीदवार बनाने की तैयारी कर ली है। बुधवार को प्रत्याशी की घोषणा होगी। प्रजापति के मैदान में उतरते ही लोकसभा चुनाव का त्रिकोणीय मुकाबला होगा।
मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट पर भाजपा ने केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान को प्रत्याशी घोषित किया है। रालोद भी अब एनडीए में शामिल हो गया है। समाजवादी पार्टी ने भी पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक को प्रत्याशी बनाया है। एनडीए और सपा ने जाट प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। चुनावी मुकाबले में बसपा प्रत्याशी के उतरने ही त्रिकोणीय मुकाबला तय है। बसपा जिलाध्यक्ष सतीश रवि ने बताया कि दारा सिंह प्रजापति को टिकट दिया जाएगा। इसकी विधिवत घोषणा बुधवार को कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में की जाएगी। बसपा के बेस वोट बैंक के साथ प्रजापति की स्थिति को कमतर नहीं आंका जा सकता। पिछले दिनों ही प्रजापति ने संकल्प यात्रा निकाली थी। हरिद्वार से जंतर-मंतर जाने के दौरान साहिबाबाद में पुलिस ने उन्हें जबरन रोक दिया था।