मीरापुर। ग्राम देवल में पंचायत के दौरान हंगामा व मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर लाठी डंडों से हमला किया। पुलिस के समझाने पर भी वह नहीं माने। पुलिस के पकड़ने के प्रयास के दौरान सभी लोग फरार हो गए। पुलिस ने 37 नामजद व 30 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान कर दिया है।
बुधवार की शाम रामराज के गांव देवल में किसी बात पर दो पक्षों में विवाद हो गया। हंगामा होने पर मारपीट भी हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों में खूब मारपीट हुई, जिससे अफरा तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई नहीं माना। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की तो सभी लोग फरार हो गए।
पुलिस ने देर रात दोनों पक्षों के इस्लाम, अरशद, सलीम, नदीम, नौशाद, अजीब, इलताफ, रफोजू, आलम, चांद मियां, अफसर, साजिद, किका, राशिद, छम्मन सहित 37 लोगों को नामजद कर 30 अज्ञात लोगों के विरुद्ध बलवा व मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना पुलिस ने बताया कि छम्मन व रशीद पक्ष के लोगों में किसी बात को लेकर पंचायत हो रही थी। इसी बीच विवाद होने पर मारपीट हुई थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम उधर पहुंची थी। इस मामले में देवल निवासी विक्रम, तारीफ, शाहबाज व गुलशन का शांति भंग में चालान कर दिया है। उधर, सीओ यतेंद्र नागर का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।