बलवाखेड़ी मंदिर में चोरी के बाद नाराजगी जताते ग्रामीण
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बलवाखेड़ी में बालाजी मंदिर में चोरी
मुजफ्फरनगर, चरथावल। बलवाखेड़ी बालाजी मंदिर में चोरों ने दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी चोरी कर ली। मंदिर परिसर में लगा नलका तोड़ दिया। इतना ही नहीं चोरों ने मंदिर में लगा बैटरा, चार्जर और देशी घी का एक टीन समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। सोमवार को मौके पर पहुंचे दरोगा का लोगों ने घेराव किया और लापरवाही का आरोप लगाया।
बलवाखेड़ी गांव में नहर किनारे बाहरी छोर पर बालाजी धाम का प्राचीन मंदिर है। सोमवार को मंदिर के पुजारी राकेश भगत मंदिर का मुख्य द्वार खोलने गए थे। मौके पर गेट का ताला टूटा था। मंदिर में रक्खे दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी भी चोरी कर ली गई थी। मंदिर में रखे देशी घी का टीन, चार्जर और बैटरा भी गायब था। सूचना पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। बिरालसी चौकी से दरोगा और आरक्षी भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उनका घेराव कर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था एक हफ्ते में चोरी की दूसरी वारदात हुई है। 27 जुलाई को पीएचसी का ताला तोड़कर चोरों ने दो बैटरे और इनवर्टर चोरी कर लिया था। लेकिन पुलिस ने उस घटना की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की थी। शाम को एसओ सूबे सिंह यादव ने गांव पहुंचकर चोरी का खुलासा शीघ्र करने का भरोसा दिया। हालांकि पुलिस ने अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज की है।
बलवाखेड़ी मंदिर में दानपात्र का टूटा पड़ा ताला- फोटो : MUZAFFARNAGAR