संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर के प्रमुख चौराहे नावल्टी चौक पर नाले की सफाई का कार्य चौथे दिन शुरू हो गया है। नाला ओवरफ्लो होने की वजह से सोमवार को सड़क और दुकानों में पानी जमा हो गया था। इस पर नाराजगी जताते हुए व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए विरोध किया। इजसके बाद मौके पर जेसीबी पहुंची और सफाई कार्य शुरू किया।
शुक्रवार को नावल्टी चौक से शिव चौक की ओर जाने वाली सड़क पर अचानक नाले का पानी जमा हो गया था। इसके बाद कुछ दुकानों और पालिका बाजार में भी नाले का गंदा पानी भर गया था। व्यापारियों ने हंगामा किया और तत्काल समस्या के समाधान की मांग की थी। हालांकि उस दिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। शनिवार को भी नाले में ओवरफ्लो हुआ और पानी भर गया। इसकी सूचना पर नगर मजिस्ट्रेट अनूप सिंह मौके पर पहुंचे और समाधान किए जाने का भरोसा दिलाया था। सोमवार को नाले का पानी सड़क पर और भी ज्यादा भर गया, जिस पर व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। अपनी दुकानों को बंद कर मजिस्ट्रेट कार्यालय में चाबी सौंपने की बात कही।
व्यापारियों के इस विरोध के बाद अधिकारी हरकत में आए और सोमवार की शाम को मौके पर जेसीबी भेजकर नाले की सफाई कार्य शुरू कराया। व्यापारियों ने कहा कि नाले का पानी सड़क और दुकान में जमा होने से वह काम भी नहीं कर पा रहे है। उधर, गंदे पानी से बहुत बदबू आने के कारण बीमारी होने का खतरा भी है। इस दौरान उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल, नगर अध्यक्ष राकेश त्यागी, विजय कुच्छल, रविंद्र गंभीर, नवीन त्यागी, अनिल मित्तल, उदित किंगर, मुंदर गर्ग, अभिजीत गंभीर और नौशाद मौजूद रहे।
चार दिन तक बनी रही समस्या
सफाई ना होने के कारण चौक होने के बाद ओवर फ्लो हुआ नाले की समस्या पिछले चार दिन से ज्यों की त्यों रही। व्यापारी राकेश त्यागी ने कहा कि शुक्रवार से सोमवार तक नाले का गंदा पानी सड़क और लोगों की दुकानों में भरता रहा। व्यापारियों ने कहा कि नगर मजिस्ट्रेट के आश्वासन के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ था। अब सफाई कार्य शुरू हुआ है।
रुडकी रोड पर नाला अवरुद होने से परेशान दुकानदार।- फोटो : MUZAFFARNAGAR