- नायब तहसीलदार और सीओ ने दर्ज किए बयान, आरोपी के खिलाफ मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी।
मोरना (मुजफ्फरनगर)। ककरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के विषाक्त पदार्थ का सेवन करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। किशोरी ने छेड़खानी से तंग आकर विषाक्त पदार्थ खाया था। नायब तहसीलदार और सीओ जानसठ ने किशोरी के बयान दर्ज किए। किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना से ग्रामीणों में रोष है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
ककरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी ने शनिवार को विषाक्त पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन गंभीर हालत में उसे भोपा सीएचसी में भर्ती कराया था। कुछ होश में आने पर किशोरी ने छेड़छाड़ से तंग आकर विषाक्त पदार्थ खाने की बात बताई। इसकी सूचना पर सीओ जानसठ शकील अहमद, नायाब तहसीलदार जसमेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष ककरौली जितेंद्र सिंह अस्पताल पर पहुंचे और किशोरी के बयान दर्ज किए।
थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी अंशुल के विरुद्ध छेड़छाड़ करने और पॉक्सो की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला।