संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। दारुल उलूम चौक पर बुधवार को उपभोक्ताओं के घरों में बकाया वसूली के लिए पहुंची विद्युत निगम की टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। भारी विरोध के चलते टीम को लौटना पड़ा, बाद में लोगों ने कोतवाली जाकर विद्युतकर्मियों की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता सुधाकर के नेतृत्व में जेई समेत अन्य विद्युत कर्मियों की टीम दारुल उलूम चौक पर बकाया वसूली करने पहुंची थी। इस दौरान टीम ने उपभोक्ताओं के परिसर में बिजली चेकिंग करने के साथ-साथ बकाया वसूली आरंभ कर दी। आरोप है कि इस दौरान टीम द्वारा वहां स्थित बाजार के अंदर रखी मशीनों को जब्त करने का प्रयास किया गया, साथ ही कुछ बकाएदारों के कनेक्शन काटने शुरू कर दिए। जिस पर लोगों में रोष फैल गया। लोगों ने एकत्र होकर विरोध करना शुरू कर दिया। जिसके बाद टीम को लौटना पड़ा। वहां कई लोगों का आरोप था कि बिजली चेकिंग और बकाया वसूली के नाम पर निगमकर्मी उत्पीड़न कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद लोग कोतवाली पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। उनका कहना था कि वह मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर निगमकर्मियों द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न की शिकायत करेंगे।
---------------
- विद्युत टीम बिजली के बकाया बिलों की वसूली के लिए गई थी। शासन का स्पष्ट आदेश है कि जिन उपभोक्ताओं पर बिजली बिलों का बकाया है उसकी वसूली की जाए। उपभोक्ताओं के उत्पीड़न का आरोप बेबुनियाद है। -सुधाकर, एक्सईएन देवबंद