मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के अंसारी रोड पर कपड़ा व्यापारी अर्पित जग्गा के साथ हमले के बाद हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले है। जिनमें पुलिस को लुटेरे तो दिख गए, लेकिन अभी तक पुलिस उनका सुराग नहीं लगा पाई हैं। हालांकि पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में ले रखा हैं।
बुधवार को अंसारी रोड पर व्यापारी से 3 लाख रुपये लूटने वाले आरोपी सीसीटीवी कैमरों में तो दिख गए, लेकिन अभी तक भी पुलिस के हाथ पूरी तरह खाली है। क्योंकि लूट करने वाले एक भी आरोपी तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही हैं। इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधिकारियों ने कुल 5 टीमों का गठन किया है। सूत्र बताते है कि मामले में व्यापारी के ही किसी परिचित की मिलीभगत या फिर बदमाशों से जान पहचान हो सकती है। पुलिस भी अपनी जांच में इस पक्ष को सामने रखकर चल रही है। शहर कोतवाली पुलिस ने पीडित व्यापारी अर्पित जग्गा की तहरीर पर तीन-चार लाख रुपये लूटने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।