खतौली (मुजफ्फरनगर)। मार्च के महीने में लूटी गई गाड़ी डकैती के आरोप में हापुड़ जेल में बंद बदमाशों की निशानदेही पर टिटौड़ा गांव से बरामद कर ली। पुलिस ने लूटा मोबाइल भी बरामद कर लिया।
इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि 11/12 मार्च 2022 को लोनी से टैक्सी में लिफ्ट लेकर आए तीन बदमाशों ने कार चालक आबिद निवासी पसौड़ा गाजियाबाद व उसके साथी शेरखान को हथियारों के बल पर ककराला के जंगल में ले गए थे और उन्हें बंधक बनाकर कार और दो मोबाइल लूट लिए थे। सीमा विवाद के कारण मुकदमा दौराला थाने में दर्ज किया था, लेकिन लूट की घटना खतौली थाने की सीमा में होने पर यहां स्थानांतरित कर दिया था।
वर्तमान में जांच मंडी चौकी प्रभारी मशकूर अली द्वारा की जा रही थी। चौकी प्रभारी जांच करते हुए लूटे मोबाइल तक पहुंचे। तब मोबाइल चला रहे व्यक्ति ने बताया कि फोन जिन तीन लोगों से खरीदा था वह हापुड़ जेल में एक लाला के यहां डकैती डालने के मामले में बंद हैं।
बुधवार को जेल में बंद बदमाश मनीष, अंकित निवासी टिटौड़ा, दिपांकर निवासी दुगा कॉलोनी हापुड़ से मिलने के लिए चौकी प्रभारी हापुड़ जेल पहुंचे। वहां पर की गई पूछताछ में तीनों बदमाशों ने लूट की घटना का स्वीकार करते हुए लूटी गई गाड़ी के बारे में बताया कि वह अंकित के घर गांव टिटौड़ा में खड़ी है। लूटी गई कार को बरामद करते हुए पीड़ित से गाड़ी की पहचान कराई गई। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।