दधेडू कलां और दधेडू खुर्द में सड़कों का हाल बदहाल
बारिश के पानी में सड़क पर जलभराव, गिरकर घायल हो रहे वाहन चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
चरथावल। मुख्य मार्ग पर दो गांवों दधेडू कलां और दधेडू खुर्द में सड़क पूरी तरह गड्ढों में गुम हाे गई है। बारिश के पानी में सड़क पर जलभराव हो गया है। गहरे गड्ढों में गिरने से दुपहिया वाहन चालक आए दिन चोटिल हो रहे है।
मुजफ्फरनगर और चरथावल के बीच दधेडू कलां और दधेडू खुर्द गांव पड़ते है। इस मार्ग से शामली जिले के थानाभवन एवं ब्लॉक के कई दर्जन गांवों के लोग गुजरते है। जिला मुख्यालय पर कचहरी, हॉस्पिटल एवं रोजमर्रा के कामों के लिए यह प्रमुख मार्ग है। फिलहाल सड़क पूरी तरह गड्ढों में गुम हो गई। पानी निकासी नहीं होने के कारण सड़कों पर बारिश का पानी नहीं निकल पाता। इससे दोनों गांवों की सड़क पर तालाब बन गया है।
एक गांव से दूसरे गांव में जाना भी दूभर है। हजारों वाहन गुजरते है। मगर, लोक निर्माा विभाग द्वारा अभी तक इस बदहाल सड़क के निर्माण का कार्य चालू नहीं कराया गया। स्कूली बच्चों खासकर दुपहिया वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क पर बने गड्ढों का अनुमान नहीं लगने से लोग गिरकर रोजाना चोटिल हो रहे है।
चौड़ीकरण का शिलान्यास हुए डेढ़ महीना बीता
दधेडू खुर्द के प्रधान हुसैन का कहना है कि सड़क के चौड़ीकरण का शिलान्यास हुए डेढ़ महीना बीत गया। कांवड़ यात्रा के दौरान उन्होंने ईंट के टुकडों से गड्ढे भरवा दिए थे। मगर, बारिश में सड़क पूरी तरह बदहाल हो गई। सिंगलपुर के प्रवीण कुमार, दधेडू खुर्द शाह आलम, यमन कुमार एडवोकेट, शिक्षक सुभाष चंद त्यागी, कारोबारी रविकांत गर्ग आदि ने प्रशासन से जन हित में दोनों गांवों के मुख्य मार्ग को शीघ्र बनवाने की मांग की है।