प्रशिक्षण के दौरान मशीन को हाथ में लेकर जानकारी करते दरोगा
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
ई-चालान का जुर्माना अब होगा मौके पर जमा
मुजफ्फरनगर। वाहन का चालान होने के बाद जुर्माना तो भुगतना पड़ेगा, लेकिन परेशानी नहीं उठानी पडे़गी। क्योंकि अब जुर्माना ई-चालान होने पर मौके पर ही भुगता जा सकेगा। एटीएम कार्ड से नगद अथवा स्वैप करा अदा किया जा सकता है।
रविवार को इसके लिए यातायात पुलिस कार्यालय में एसपी यातायात कुलदीप सिंह, यातायात निरीक्षक ब्रज किशोर त्यागी की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। अभी तक पुलिस चेकिंग के दौरान वाहनों का ई-चालान करती थी। जुर्माने के बारे में एक मेसेज वाहन मालिक के मोबाइल में पहुंच जाता था। जुर्माना भुगतने के लिए वाहन चालक या मालिक को यातायात पुलिस कार्यालय पहुंचना होता था। जुर्माना भुगतने के लिए वाहन चालक को परेशानी उठानी पड़ती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उनकी समस्या का समाधान मौके पर होगा।
अधिकतर यह आती थी समस्या
बाहर से शहर में आने वाले वाहन चालक को चालान होने के बाद परेशानी उठानी पड़ती थी, क्योंकि जुर्माना चालान किए जाने वाली तारीख से अगले दिन यातायात पुलिस कार्यालय में भुगता जाता था। बाहरी क्षेत्र का रहने वाला चालक जुर्माना भुुगतने के लिए आ नहीं पाता था तो ऐसे में उसका चालान कोर्ट भेज दिया जाता था। अब इस समस्या से भी निजात मिल जाएगी। ई-चालान का जुर्माना भी ऑनलाइन ही जमा होता है। कई बार देेखने में आया कि वाहन चालक जुर्माना भुगतने के लिए पहुंचा और वहां सरवर नहीं चलने के कारण उसे वापस भी लौटना पड़ जाता था।
विभाग को मिलीं 40 मशीन
शहर में चेकिंग करने वाली टीम को चालीस मशीन मिली है जिनसे ई-चालान के समय जुर्माना वसूला जाएगा। जुर्माने की रकम विभागीय खाते में जाम होती रहेगी। जुर्माना जमा करने वाली मशीन को चलाने के लिए रविवार दोपहर जनपद के सभी थानों से दो-दो दारोगाओं के अलावा सीओ सिटी व सीओ नई मंडी के कार्यालय में तैनात दो-दो मुंशियों को यातायात पुलिस कार्यालय के दीवान गुलशन चौधरी व दिल्ली एसबीआइ से आए टेक्नीशियन रवि कुमार ने प्रशिक्षण दिया।