मुजफ्फरनगर। डीएम उमेश मिश्रा का आदेश जारी हुए नौ दिन बीत गए लेकिन अभी तक नगर के राना चौक से भैंसाली डिपो की बसों का संचालन शुरू नहीं हो सका। सभी बस पूर्व की तरह ही शहर में आवागमन कर रही हैं।
परिवहन निगम मुजफ्फरनगर डिपो का रोडवेज बस अड्डा शहर के बीच में बना है। यहां डिपो की सभी 242 बसों को एक साथ खड़े करने की व्यवस्था नहीं है। रोजाना दिन में ही काफी बसों को एसडी तिराहे टी प्वाइंट के सामने साईंधाम के पास दुकानों के बाहर खड़ा कर दिया जाता है। इससे दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शहर में लगने वाले जाम से मुक्ति के लिए डीएम उमेश मिश्रा ने नौ दिन पहले पुलिस, परिवहन निगम व प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर भैंसाली डिपो की 65 बसों का संचालन शहर से बाहर राना चौक से करने के आदेश दिए थेे। इसके बावजूद अभी तक यह व्यवस्था नहीं बनाई जा सकी।
हालांकि परिवहन निगम व यातायात पुलिस अधिकारियों ने राना चौक का निरीक्षण किया था लेकिन नई व्यवस्था को अम्लीजामा नहीं पहनाया जा सका। एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे ने बताया कि परिवहन निगम के अधिकारियों के सहयोग से नई व्यवस्था को जल्द ही लागू किया जाएगा। संवाद