साप्ताहिक लॉकडाउन में सरवट चौराहे पर चैकिगं करती पुलिस।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बाजार रहे बंद, सड़कों पर छाया रहा सन्नाटा
मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार के संपूर्ण लॉकडाउन के आदेश के चलते शनिवार को बाजार पूरी तरह बंद रहे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। आम आदमी ने बिना काम के घर से बाहर निकलना जरूरी नहीं समझा। सुबह और शाम में कुछ देरी के लिए केवल दूध की दुकानें ही खुली। दिन में मेडिकल स्टोर खुले रहे। प्रशासन की अनुमति नहीं मिलने पर मिठाई विक्रेताओं को निराशा हुई।
जिले में कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमितों की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना हो गया है और जनता भी जागरूक होने लगी है। कोरोना का असर शहर की प्रत्येक कालोनी और गली तक पहुंच रहा है। ऐसे में शनिवार के संपूर्ण लॉकडाउन का यहां सीधा असर देखने को मिला। आम जनता ने घर से बाहर निकलने में पूरी तरह किनारा किए रखा। शहर के सभी बाजार पूरी तरह बंद रहे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सुबह और शाम में केवल दूध की दुकानें ही खुली। शहर में सब्जी मंडी तक पूरी तरह से बंद रही। रेहड़े और ठेले वाले भी नजर नहीं आए। चाय तक की दुकानें नहीं खुली। प्रत्येक चौराहे पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी नजर आए।