ककरौली के गांव खरपौड में विनीत की हत्या को लेकर गमजदा परिवार।
- फोटो : KHATAULI
12 बीघा जमीन हड़पने के लिए बुझाया ताऊ के घर का चिराग
ककरौली (मुजफ्फरनगर)। खरपौड़ निवासी चंद्रपाल के भतीजे ललित ने 12 बीघा जमीन हड़पने के लिए विनीत की हत्या कर ताऊ के घर का चिराग बुझा दिया। चंद्रपाल दंपती ने कोई संतान नहीं होने पर 15 साल पहले विनीत को गोद लिया था, ताकि उनका कोई वारिस वंश चला सके। मगर, जमीन के लालच में भतीजे ने दंपती के बुढ़ापे का सहारा ही छीन लिया।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव खरपौड़ निवासी चंद्रपाल और जयपाल पाल दो भाई हैं। दोनों के हिस्से में 12-12 बीघा जमीन आती है। छोटे भाई जयपाल के घर तीन संतान है। बड़ा बेटा मोहित बाहर किसी फैक्टरी में काम करता है, जबकि छोटा बेटा ललित घर पर ही खेती करता है। छोटी बेटी शिवानी पढ़ती है। बड़े भाई चंद्रपाल को कोई संतान नहीं हुई। पत्नी शिक्षा के कहने पर 15 साल पहले उन्होंने मुजफ्फरनगर निवासी एक परिचित से विनीत को गोद लिया था, तब वह तीन माह का था। सीओ भोपा राम मोहन शर्मा के अनुसार जयपाल और ललित आदि का लगने लगा था कि अब विनीत जवान हो रहा है तथा कुछ साल में बालिग होने पर चंद्रपाल अपनी जमीन जायदाद गोद लिए गए विनीत के नाम कर देगा। इसी को लेकर 12 बीघा जमीन हड़पने के लिए ललित ने योजना बना कर विनीत की हत्या कर दी।
कक्षा आठ का छात्र था विनीत
ककरौली। 15 साल का विनीत कक्षा आठ का छात्र था। वह जनजागृति पब्लिक स्कूल कैंडी दरियापुर में पढ़ता था। चंद्रपाल ने बताया कि भाई और भतीजे ने उसकी हत्या कर हमारे बुढ़ापे का सहारा भी छीन लिया।
देर रात गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार
ककरौली। पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस ने शुक्रवार शाम परिजनों के हवाले कर दिया। देर रात को गांव के श्मशान घाट में विनीत का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। उसकी हत्या से गांव वाले भी गमजदा हैं।