संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड की फरवरी 2027 में होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को लेकर माध्यमिक विद्यालयों में तैयारियां तेज हो गई हैं। परिषद की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार दसवीं और 12वीं का पाठ्यक्रम दस जनवरी तक पूरा करना होगा। इससे विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा से पहले पाठ्यक्रम का रिवीजन और कमजोर विषयों की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
डीआईओएस हरिकेश यादव ने बताया कि बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं पांच से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं। इससे पहले प्री-बोर्ड और प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी कराई जानी हैं। कक्षा नौ और 11 का पाठ्यक्रम 25 जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऐसे में शिक्षकों को निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी पर भी ध्यान देना होगा।
पाठ्यक्रम के साथ दोहराव पर भी रहेगा जोर
वैदिक पुत्री पाठशाला कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमारी ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम घोषित होने से विद्यार्थियों को विषयवार तैयारी की योजना बनाने में मदद मिलती है। पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद दोहराव, मॉडल पेपर हल कराने और प्रश्नों के अभ्यास पर जोर दिया जाएगा। विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई करने, कठिन अध्यायों को समय रहते पूरा करने और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास कराया जाएगा। इससे परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन और प्रश्नों को हल करने में मदद मिलेगी।