खतौली। घर पर खेल रही नौ माह की बच्ची पानी की बाल्टी में गिरने से मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मोहल्ला नई आबादी निवासी सादिक का परिवार प्रथम फ्लोर पर रहता है। सोमवार शाम वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था, उसकी पत्नी अपनी नौ माह की बच्ची तसमिया को लेकर सो गई। इस बीच बच्ची की आंख खुल गई और वह खेलते हुए पानी की बाल्टी के पास पहुंच गई। बच्ची अचानक बाल्टी में गिर गई। काफी देर बाद जब सादिक की पत्नी की आंख खुली तब उसने तसमिया की तलाश की। बच्ची को पानी की बाल्टी में पड़ा देख उसके होश उड़ गए। चीख पुकार की आवाज पर अन्य परिवार के लोग पहुंचे। उन्होंने बच्ची को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। चिकित्सक ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि सादिक के यह इकलौती पुत्री थी। बच्ची की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने बच्ची के शव को सुपुर्दे खाक कर दिया।