संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफफरनगर। सिल्वर टोन पल्स एंड पेपर मिल में लगी आग को 25 किलोमीटर की रफ्तार से चली तेज हवा ने भड़का दिया। हवा के कारण आग वेस्ट सामग्री के बंडलों व ढरे में अंदर तक जा पहुंची और अंदर ही अंदर सुलगती रही। इस कारण पेपर मिल परिसर में चारों तरफ धुआं फैल गया। बचाव टीम को आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोपहर लगभग एक बजे कर्मचारी वेस्ट सामग्री वाले क्षेत्र में काम कर रहे थे। इस दौरान हवा भी तेज चल रही थी। अचानक कर्मचारियों ने वेस्ट सामग्री वाले बंडलों व ढेर से धुआं निकलता देखा तो उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद पेपर मिल संचालक, अन्य कर्मचारियों ने पहुंच कर पेपर मिल में आग बुझाने के उपकरणों से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए, लेकिन तेज हवा ने आग को भड़का दिया।
यह सूचना दमकल विभाग टीम को भी दी गई तो पानी से लदे तीन टैंकरों के साथ टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के प्रयास शुरू किए, लेकिन कामयाबी न मिलने पर जानसठ व बुढ़ाना से भी टैंकरों के साथ टीम को बुलाया। इसके बावजूद बिंदल, मीनू व अन्य फैक्टिरों से टैंकरों को बुलाया। बाद में सहारनपुर, शामली व मेरठ से भी तीन टैंकरों के साथ टीम को बुलाना पड़ा। देर शाम तक भी आग बुझ नहीं पाई थी।
n लाखों का माल बचाया : एक तरफ पेपर मिल में आग में माल जल रहा था। वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों को आग की चपेट में आने से बचे माल को बचाने को जद्दोजहद करनी पड़ रही थी। कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से लाखों के माल को बचाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
n एक युवक हुआ बेहोश : बताया गया कि आग के धुएं के कारण एक युवक बेहोश हो गया था, जिसे काफी देर बाद होश आया। सीएफओ अनुराग कुमार ने जानकारी होने से इनकार किया है।
n 25 से 30 करोड़ का नुकसान : पेपर मिल के एमडी राजेश जैन ने बताया कि आग कैसे लगी, इस बारे में जानकारी नहीं मिली है। वैसे 25 से 30 करोड़ का नुकसान हुआ है। आग अभी लगी हुई है।