कलक्ट्रेट में धरने पर बैठे कर्मचारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रीयल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने कलक्ट्रेट और तहसीलों में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। प्रतापगढ़ में एसडीएम की पिटाई से नाजिर की मौत के मामले में एसडीएम की बर्खास्तगी और उसे जेल भेजने की मांग रखी गई।
प्रतापगढ़ में एसडीएम ज्ञानेंद्र विक्रम सिंह द्वारा नाजिर सुनील शर्मा की पिटाई किए जाने से अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। इस घटना से प्रदेश के सभी कर्मचारियों में रोष है। जिले के कर्मचारियों ने तहसीलों और कलेक्ट्रेट में तालाबंदी कर दी। अपनी मांगों को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के नाम एडीएम प्रशासन को दिए ज्ञापन में मांग की गई कि एसडीएम को तत्काल नौकरी से बर्खास्त कर जेल भेजा जाए। मृतक सुनील शर्मा के आश्रितों को एक करोड़ की आर्थिक मदद दी जाए। आश्रितों को तत्काल सेवायोजित किया जाए।
एक सप्ताह में गिरफ्तारी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई। धरने पर सभी मृतक नाजिर की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार, सचिव प्रवीण कुमार, पंकज मित्तल, जनार्दन स्वरूप, अनिल त्यागी, सुभाष राठी, संजय कुमार, शौकत हुसैन, रामकिशोर, सीता देवी, मनीष शर्मा मौजूद रहे। उधर, खतौली में भी तहसील कर्मियों ने कामकाज नहीं किया। अपने कमरों के ताले बंद कर जिला मुख्यालय पर पहुंचकर एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।