सिसौली। हरियाणा की महिला पहलवान विनेश फोगाट के 17 सितंबर को सिसौली आगमन को लेकर भाकियू ने तैयारियां शुरू कर दी है। पंचायत में फोगाट को सम्मानित किया जाएगा। शामली जिले के गांव भाजू में दिल्ली देहरादून हाईवे पर इंटरचेंज व विभिन्न किसानों की समस्याओं को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। कसबे के किसान भवन पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि फोगाट साहसी बिटिया है, उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
दिल्ली-देहरादून निर्माणाधीन मार्ग पर शामली जिले के गांव भाजू में कट को लेकर पंचायत में रणनीति बनाई जाएगी। इस दौरान 17 सितंबर के कार्यक्रम को लेकर विभिन्न वॉलंटियर की नियुक्ति की गई। जिसमें भोजन, परिवहन, पार्किंग, मंच, पेयजल व स्वागत के लिए टीमों का गठन किया गया। विभिन्न गांवों के लोगों को चयनित कर टीम गठित की गई। राष्ट्रीय महासचिव ओमपाल मलिक, गौरव टिकैत, प्रदेश महासचिव जाहिर फारुकी, जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, शामली युवा जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष सोनू चौधरी मौजूद रहे।