मुजफ्फरनगर। शहर में कांवड़ मार्ग पर बेरिकेडिंग कराई गई। नावल्टी चौराहा, ईदगाह के पास बल्लियां लगाई गई है। बेरिकेडिंग से दिनभर शहर में आवाजाही के दौरान लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कांवड़ मार्ग पर पहुंचने वाली कईं सड़कों पर बेरिकेडिंग कर किए जाने से परेशानी खड़ी हो गई।
कांवड़िये कच्ची सड़क से होकर अस्पताल चौराहे से शिव चौक तक पहुंचते हैं। यहां चौराहे पर लोहे के ग्रिल वाली बेरिकेडिंग लगवाई है। जिस कारण यहां सड़क पार कर आवागमन बाधित हो गया है।
नावल्टी चौराहे पर बल्लियों से बेरिकेडिंग करा कर अंसारी रोड से बकरा मार्केट का आवागमन बंद कर दिया गया है। उधर, शामली बस अड्डे की तरफ से खालापार जाने वाले मार्ग पर ईदगाह के सामने बेरिकेडिंग लगाकर मार्ग बंद कर दिया है।
इसी वजह से वाहन चालकों व राहगीरों को गलियों से होकर मीनाक्षी चौक आना जाना करना पड़ रहा है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ी है।
शामली बस अड्डे से शहर में आने के लिए हनुमान चौराहे से लद्धावाला वाले रास्ते से वाहनों का आवागमन किया गया है। जबकि शामली बस अड़्डे जाने के लिए मीनाक्षी चौराहे को खुला रखा है।
इनसेट
रुड़की रोड पर बंद कर दिए गए कट
शहर में रुड़की रोड से कांवड़िए गुजरते हैं। शहर कोतवाली के सामने छोड़कर अन्य कट बंद कर दिए गए हैं। जिससे बाजारों में आवागमन प्रभावित हो गया है। रुड़की रोड पार करने के लिए चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
-
इनसेट
दुकानों तक पहुंचने में झेली परेशानी
ग्राहकों को एसडी मार्केट तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। लंबा चक्कर काटकर पहुंचे, इस दौरान बाजार पर भी असर पड़ा। शामली रोड से खालापार होते हुए मीनाक्षी चौक जाने वाली सड़क भी बेरिकेडिंग कर बंद कर दी गई है।
इन्होंने कहा-
कांवड़ के लिए शहर का यातायात डायवर्ट किया गया है। ताकि कांवड़ियों के साथ कोई हादसा न होने पाए। -सत्य नारायण प्रजापत, एसपी सिटी।
-
पंकज ऐरन