मंसूरपुर। नवविवाहिता दुल्हन पांच दिन बाद ही पति की गैर मौजूदगी में ससुराल वालों को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई। पति फैक्टरी में नौकरी करने गया हुआ था।
मंसूरपुर के एक गांव निवासी युवक ने पांच दिन पूर्व गाजियाबाद के एक मैरिज ब्यूरो के माध्यम से शादी की थी। युवक शादी करने के बाद दुल्हन को अपने घर लेकर आया था। युवक क्षेत्र की एक फैक्टरी में नौकरी करता है।
मंगलवार रात युवक फैक्ट्री में नौकरी करने चला गया था। नवविवाहिता ने रात में अपने ससुराल के लोगों को खाने में नशीला पदार्थ खिला दिया। खाना खाने से ससुराल में सास एवं ननद बेहोश हो गईं। इसी का फायदा उठाकर नवविवाहिता सुबह लगभग पांच बजे घर में रखीनकदी एवं जेवर लेकर फरार हो गई। बुधवार सुबह ड्यूटी के बाद घर लौटे युवक को उसकी पत्नी के फरार होने का पता चला। युवक की मां एवं बहन बेहोश थी, दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। युवक ने इस संबंध में पुलिस को भी सूचना दे दी है। अभी तक इस मामले में तहरीर नहीं दी गई है।