खतौली गंगनहर पटरी मार्ग पर सड़क दुर्घटना में घायल हुए दूल्हा-दुल्हन।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खड़े ट्रक से टकराई दूल्हा-दुल्हन की कार
सिखेड़ा/खतौली (मुजफ्फरनगर)। गंगनहर पटरी मार्ग पर खतौली क्षेत्र में मेरठ के सलावा में शादी के बाद बेहड़ा आस्सा लौट रहे नवदंपती की कार सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार दूल्हा-दुल्हन समेत छह लोग घायल हो गए। इनमें वर-वधू व एक साल के बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांघ बेहड़ा आस्सा निवासी अंकित की शादी मेरठ जनपद के दौराला थाना क्षेत्र के गांव सलावा निवासी रीटा से तय हुई थी। निर्धारित समयानुसार बृहस्पतिवार सुबह अंकित एक कार में परिजनों के साथ शादी के लिए सलावा के लिए रवाना हुए थे। कार में अंकित की बहन गांव मांडला, छपार निवासी सविता, उसकी ननद नीता व एक साल का बेटा गुरमीत भी था। कार को बेहड़ा आस्सा का ही पंकज चला रहा था। देर रात शादी के बाद सलावा से लौटते हुए गंगनहर पटरी मार्ग पर जैसे ही उनकी कार जैननगर के पास पहुंची, अचानक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार के परखचे उड़ गए और कार सवार दूल्हा-दुल्हन समेत सभी लोग घायल हो गए। वाहनों की टक्कर के जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त कार में फंसे सभी लोगों को जैसे-तैसे कर बाहर निकाला।
इसके बाद सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया गया, जहां से देर रात दूल्हा-दुल्हन के साथ ही एक साल के गुरमीत को गंभीर हालत के चलते रेफर कर दिया गया। यहां से वर-वधू को शहर के आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जबकि मासूम गुरमीत को दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा, अन्य घायलों को अस्पताल में ही भर्ती किया गया है। प्रथम दृष्टया कार चालक को नींद की झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।