गांव कमालपुर में राशन डीलर के यंहा जांच करते लेखपाल।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। राशन वितरण में हुई धांधली की जांच लेखपाल राशन डीलर के घर बैठकर कर रहे हैं। लोगों से डीलर की दुकान पर बैठकर ही राशन मिलने की बात लिखवाई जा रही है।
बुढ़ाना, सदर और जानसठ तहसील के सभी गांवों में डीएम सीबी सिंह के आदेश पर राशन वितरण की जांच हो रही है। कुछ लेखपाल राशन डीलर की दुकान पर बैठकर ही उसके अनुसार रिपोर्ट बना रहे हैं। प्रधान से प्रमाण पत्र ले रहे है, लेकिन आम जनता से बात ही नहीं की जा रही है। डीलर अपने घर पर ही जांच की औपचारिकता पूरी करा रहे हैं। शाहपुर क्षेत्र में जांच के दौरान ऐसे ही तीन प्रकरण सामने आए हैं। गांव पलडी, कमालपुर और गढी बहादरपुर में लेखपालों ने राशन डीलर के प्रतिष्ठान और घर पर बैठकर की जांच पूरी की। गांव की दलित बस्ती और मुस्लिम बस्तियों में पहुंचकर यह जानने का प्रयास नहीं किया गया कि उनको राशन मिला है या नहीं। जिले के अन्य गांवों से भी ठीक इसी तरह की सूचनाएं सामने आ रही है। कुछ गांवों में शिकायत के बाद राशन वितरण शुरू भी हुआ है।
जिले में छूटे हुए लोगों को अब 31 मार्च तक मिलेगा राशन
मुजफ्फरगनर। जिले में अब राशन वितरण 31 मार्च तक होगा। जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश ने बताया कि मार्च महीने में कारणों से कुछ दुकानों पर माल नहीं पहुंच पाया था। इस कारण लोग चना, रिफाइंड, नमक लेने से छूट गए हैं। इन सबकों अब 31 मार्च तक राशन का वितरण होगा। अपने डीलर के पास पहुंचकर ये लोग अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं। अब सभी डीलर को मॉल उठवा दिया गया है।