ककरौली। बंगलूरू में काम करने गए तेवड़ा निवासी एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा है।
ककरौली के गांव तेवड़ा निवासी यूसुफ ने बताया कि उनका पुत्र शोएब (22) लगभग पांच महीने पहले ठेकेदार कमरुज्जमां निवासी गांव पिमौड़ा व शाहनवाज निवासी कम्हेड़ा के साथ वेल्डिंग का काम करने उनके साथ बंगलूरू गया था। सात जनवरी को वह 70 फीट ऊंची बंधी पैड पर वेल्डिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी उंगली में चोट लग गई, लेकिन वह काम करता रहा। काम करने के कुछ देर बाद अचानक शोएब जमीन पर आ गिरा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शोएब की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता मोहम्मद यूसुफ चाचा मोहम्मद यामीन ने बंगलूरू पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने कंपनी व ठेकेदार शाहनवाज व कमरुज्जमां के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। परिजनों का कहना है कि कंपनी वहां ऊंचाई पर काम कर रहे सभी लोगों को बेल्ट की सुविधा नहीं कराती, जिसके कारण यह है बड़ा हादसा हुआ है।